पीलीभीत। आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में लंबे समय से कार्यरत शिक्षामित्रों को शिक्षक पद पर समायोजित करने तथा टीईटी संबंधी बाध्यता समाप्त करने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के शिक्षामित्र पिछले करीब 26 वर्षों से बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि शिक्षामित्र और शिक्षक एक ही विद्यालय में समान रूप से शिक्षण कार्य करते हैं, इसलिए उनके साथ अलग व्यवहार उचित नहीं है। शिक्षामित्रों ने मांग की है कि टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सीधे शिक्षक बनाया जाए, जबकि गैर-टीईटी शिक्षामित्रों के लिए विभागीय टीईटी आयोजित कर उन्हें भी शिक्षक पद पर समायोजित किया जाए। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष रामसिंह राठौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरप्रसाद राठौर, जिला महामंत्री विनय पांडे, ममता कश्यप, आशा रानी, अरशी परवीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।