पीलीभीत। यात्रियों की सुविधा के लिए 27 जुलाई यानी आज से कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस (15312/15311) के नियमित संचालन के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे ने पीलीभीत से संचालित होने वाली पांच ट्रेनों के समय में बदलाव किया है, इसलिए यात्रियों को समय को लेकर सतर्कता बरतनी होगी।
रेलवे प्रशासन की ओर से रविवार शाम जारी नई समय सारिणी के अनुसार पांच ट्रेनों के प्रस्थान समय में संशोधन किया गया है। इसके अलावा पीलीभीत-बरेली सिटी डेमू और बरेली सिटी-टनकपुर डेमू के संचालन में भी परिवर्तन किया गया है।
रेलवे के अनुसार, 55357 पीलीभीत-मैलानी ट्रेन अब सुबह 6:45 बजे पीलीभीत से रवाना होगी और 9:05 बजे मैलानी पहुंचेगी। वहीं, 55085 पीलीभीत-डालीगंज सवारी शाम 6:05 बजे पीलीभीत से चलकर अगले दिन रात 1:40 बजे डालीगंज पहुंचेगी।
इसी तरह 55316 पीलीभीत-बरेली सिटी सवारी का नया प्रस्थान समय सुबह 6:55 बजे निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन सुबह 9:10 बजे बरेली सिटी पहुंचेगी।
रेल प्रशासन ने 75304 पीलीभीत-बरेली सिटी डेमू में भी बदलाव किया है।
यह ट्रेन अब बरेली सिटी के बजाय इज्जतनगर स्टेशन पर रात 10:50 बजे अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं 75301 बरेली सिटी-टनकपुर डेमू अब बरेली सिटी के स्थान पर इज्जतनगर स्टेशन से सुबह 7:25 बजे संचालित की जाएगी।
इसके अलावा 15062 लालकुआं-कासगंज एक्सप्रेस का भी समय बदला गया है। हालांकि इस ट्रेन के संशोधित समय का प्रभाव लालकुआं से कासगंज के बीच के स्टेशनों पर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि आज से यात्रा करने से पहले नई समय सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पूर्वोत्तर रेलवे के डिप्टी चीफ ऑपरेशन मैनेजर पीके अस्थाना ने बताया कि कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस के चलते पांच ट्रेनों का समय बदला गया है। संवाद