ग्रामीण ने एसपी को दिया पत्र, कहा-रिपोर्ट भी नहीं लिख रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंंसी
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के एक ग्रामीण ने एसपी को पत्र भेजकर मुसीबत में फंसी पत्नी को छुड़ाकर लाने की मांग की है। उसका कहना है कि इस संबंध में तहरीर भी दी पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।
पत्र में कहा गया है कि 12 अप्रैल को गांव के ही कुछ लोग उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गए। जानकारी होने पर उन लोगों से अपनी पत्नी को वापस करने के लिए कहा, तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। आठ मई को सुबह उसकी पत्नी ने उसे फोन पर बताया कि अपहरणकर्ता उसे अलग-अलग स्थानों पर रोजाना बंद कमरों में रखते हैं। वह घर वापस आना चाहती है। बाद में बात पूरी होने से पहले ही फोन कट गया।
उसके बाद ग्रामीण ने कई बार उसी फोन नंबर पर पत्नी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। पत्र में कहा गया है कि यदि उनकी पत्नी को अतिशीघ्र बरामद नहीं किया गया, तो पत्नी के साथ अनहोनी हो सकती है। पत्र में गांव के ही चारों लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि उसने दियोरिया कोतवाली में तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।