संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव हसनापुर की एक विवाहिता ने ससुरालियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना बरखेड़ा के गांव पचपेड़ा पुखा निवासी बाबूराम वर्मा की पुत्री अलका देवी ने बताया कि उनका विवाह थाना दियोरिया के गांव हसनापुर निवासी अजयपाल से कुछ वर्ष पूर्व हुआ था। विवाह में कन्या पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। वर पक्ष इतने दहेज से संतुष्ट नहीं था और कन्या पक्ष से तीन लाख और देने की मांग कर रहा था।
कन्या पक्ष ने जब अपनी खराब आर्थिक स्थिति के चलते दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो वर पक्ष अलका का उत्पीड़न करने लगा। आरोप है कि इस बीच वर पक्ष ने अलका को कमरे में बंद कर पीटा और पांच मई को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
अलका मायके में आकर रहने लगी। कोतवाल उमेश सोलंकी ने बताया कि अलका की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में अलका के पति अजय पाल, ससुर तोताराम, सास लीलावती और देवर नरेश को नामजद किया गया है।