शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।संवाद
पीलीभीत। माता के दर्शन के लिए पूर्णागिरि जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रेनों की लेटलतीफी मुसीबत बनी हुई है। रविवार को दो ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से स्टेशन पर पहुंची।
ट्रेनों की जानकारी के लिए यात्री इधर से उधर भटकते दिखे। यह नजारा आए दिन दिखता है। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी परेशानी का सबब बनी हुई है।
उत्तराखंड के चंपावत जिले के टनकपुर में मां पूर्णागिरि का मेला चल रहा है। जिले के अलावा सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद और अन्य स्थानों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। अधिकांश जगहों के श्रद्धालु पीलीभीत होकर टनकपुर पहुंचते हैं। ऐसे में पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों की जमकर भीड़ उमड़ रही है।
रविवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस से टनकपुर जाने वाले यात्रियों की स्टेशन पर काफी भीड़ थी। त्रिवेणी एक्सप्रेस पीलीभीत स्टेशन पर दोपहर करीब पौने दो बजे पहुंचती है, लेकिन रविवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची।
शताब्दी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे की देरी से आई। इसके चलते जल्दी जाने वाले कई यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य को रवाना हुए।