पीलीभीत। शहर के गौहनिया तालाब में बुधवार सुबह एक युवती का शव उतराता मिला। शव पानी से बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान सुनगढ़ी क्षेत्र के नई बस्ती निवासी रोनी मिश्रा (30) पुत्री शंभू दयाल मिश्रा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रोनी मानसिक रूप से कमजोर थीं। टनकपुर हाईवे पर राहगीरों ने बुधवार सुबह करीब सात बजे गौहनिया चौराहे के पास स्थित गौहनिया तालाब में युवती का पानी में शव उतराता देखा।
कुछ ही देर में यहां भीड़ जुट गई। सूचना पर डायर 112 के साथ ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद शव पानी से बाहर निकाला गया।
जांच में शव पर चोट आदि के कोई निशान नहीं मिले। सूचना पर एएसपी विक्रम दहिया, सीओ दीपक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। करीब एक घंटे बाद शव की पहचान हो सकी। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि रोनी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। वह करीब एक साल से बीमार भी थीं।
मंगलवार की रात वह अचानक घर से निकल आई थीं। पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। संवाद