अमरिया से ड्यूनी डैम होकर मझोला तक जाने वाली सड़क के गड्ढे दे रहे राहगीराें को दर्द
अमरिया। कस्बे से ड्यूनी डैम होकर मझोला जाने वाली सड़क खस्ताहाल हो गई है। उधर, बरेली–हरिद्वार नेशनल हाईवे से जुड़ने वाला देवहा बैगुल फीडर नहर मार्ग भी जगह-जगह टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे आवागमन में जोखिम बढ़ गया है। 20 से अधिक गांवों की करीब 50 हजार आबादी आवागमन में दर्द झेल रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली वाहनों समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ग्राम तिरकुनियां नसीर के पास नहर पर बने पुल की रेलिंग लगभग एक वर्ष पहले टूटकर नहर में गिर गई थी। इसके बाद अस्थाई रूप से पुल के बीच में ईंट की दीवार बनाकर छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोला गया, लेकिन अब तक रेलिंग का निर्माण नहीं कराया गया है। पुल संकरा और खतरनाक बना हुआ है, जबकि इसी रास्ते से स्कूली बसें बच्चों को लेकर गुजरती हैं। अमरिया से डयूनी डैम जाने वाली सड़क भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। नहर मार्ग पर बने गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। इस मार्ग की बदहाल स्थिति का असर गांव भूड़ा, कैमोर, फरदिया, बिसनपुर, रसूला, खलीनवादा, उदयपुर, नूरपुर, जगत, बरा दुनबा, मझलिया, कैंचू टांडा, दियोरनियां, जिठनियां, भगौतीपुर, सद्दरपुर सहित 20 से अधिक गांवों की करीब 50 हजार से अधिक आबादी पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और पुल की रेलिंग बनवाने की मांग की है। संवाद