पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सूचना बोर्ड। संवाद
- फोटो : Samvad
गजरौला। थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित माला मोड़ के पास लगा यात्री सूचना बोर्ड पिछले एक सप्ताह से क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा है, लेकिन संबंधित अधिकारियों की अब तक इस ओर नजर नहीं गई है। आंधी के दौरान क्षतिग्रस्त हुआ यह बोर्ड एक ओर से टूटकर झुक गया है और कभी भी गिर सकता है। इससे हाईवे पर हादसे की आशंका बढ़ गई है।
सूचना बोर्ड पर पीलीभीत, सितारगंज समेत कई प्रमुख स्थानों की दिशा और दूरी अंकित है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को मार्गदर्शन मिलता है। बोर्ड के क्षतिग्रस्त होने से जहां यात्रियों को असुविधा हो रही है। वहीं, लटकता हुआ ढांचा अब लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि माला मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है, जहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। ऐसे में हाईवे किनारे झुका हुआ भारी बोर्ड कभी भी गिरकर किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सूचना बोर्ड को तत्काल हटाकर नया बोर्ड लगाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित रह सके और किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सके। संवाद