बीसलपुर मंडी में धान केंद्रों का निरीक्षण करते नोडल अफसर सुरेश चंद्रा।
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। नोडल अधिकारी ने बीसलपुर मंडी समिति पहुंचकर धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों ने एक माफिया के सक्रिय होने की शिकायत की तो नोडल अधिकारी ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए। कांटे बढ़ाकर किसानों के धान की तौल कराने की जिम्मेदारी डिप्टी आरएमओ को दी गई।
नेाडल अधिकारी सुरेश चंद्रा मंगलवार को मंडी समिति पहुंचे। फिर तीन राजकीय धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। केंद्रों पर धान की तौल कराने आए गांव करनपुर चक निवासी किसान हरीशंकर ने नोडल अफसर को बताया कि एक माफिया मंडी के केंद्रों पर काफी समय से सक्रिय है, जो धान तुलवाने आए किसानों से 150 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सुविधा शुल्क वसूलता है। नोडल अफसर ने एसडीएम राकेश गुप्ता को माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता से जांच कराकर सही पाए जाने पर गिरफ्तारी कराई जाए। मंडी के बाहर पिछले एक सप्ताह से धान भरी ट्रालियां लेकर खड़े 31 किसानों ने भी नोडल अफसर से बात की। कहा कि उनका धान अब तक नहीं तौला जा सका है। इस पर डिप्टी आरएमओ डॉ. अविनाश झा को मंडी में रहकर अतिरिक्त कांटे लगवाकर किसानों का धान अतिशीघ्र तुलवाने के निर्देश दिए। नोडल अफसर द्वारा पूछने पर मंडी सचिव प्रभात यादव ने बताया कि मंडी परिसर में लगे विभिन्न एजेंसियों के सभी आठों केंद्रों पर करीब दो लाख क्विंटल धान की तौल हो चुकी है। नोडल ने धान खरीद को पारदर्शिता से संपन्न कराने के निर्देश दिए।