गोली लगने से घायल हुए रिहान को ले जाते पुलिस कर्मी । स्रोत - पुलिस
पूरनपुर (पीलीभीत)। हत्या करने के इरादे से पीटते हुए गोवंश ले जा रहे दो बदमाशों ने घेराबंदी होने पर पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में शेरपुर कलां निवासी रिहान पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी असलम अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल रिहान को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना बुधवार आधी रात को शेरपुर रोड पर नहर पटरी की है। कुछ लोगों के गोवंश ले जाने की सूचना पर कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने टीम के साथ घेराबंदी की। खुद को घिरा देख शेरपुरकलां निवासी रिहान और असलम ने फायर कर दिए। जिस पर कोतवाल और दरोगा प्रताप सिंह ने भी फायर किए। ऐसे में पैर में गोली लगने से रिहान घायल हो गया, जबकि उसका साथी असलम अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि रिहान के पास से पुलिस ने गोवंश, तमंचा, दो कारतूस, उपकरण बरामद किए है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रिहान का चालान कर दिया है। बरामद गोवंश को गो आश्रय केंद्र भेजा गया है।
हत्या का आरोपी है रिहान
सीओ ने बताया कि रिहान ने अपने साथियों के साथ शेरपुरकलां निवासी दिन्ना खां की मुखबिरी के शक में फरवरी 2022 में अपहरण कर हत्या कर दी थी। दिन्ना का शव तीसरे दिन हरीपुुर जंगल में मिला था। इसके अलावा रिहान के खिलाफ जानलेवा हमले सहित तीन अन्य मामले भी दर्ज है।
पुलिया के पास भी रिहान ने की थी गोवंश की हत्या
18 मई की शाम को पुलिस ने शेरपुरकलां के समीप पुलिया के पास पशु का सिर और अन्य अवशेष बरामद किए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि रिहान ने ही पुलिया के पास गोवंश की हत्या कर अवशेष फेंके थे। इसका खुलासा रिहान ने पूछताछ किया है।