पीलीभीत के खकरा नदी किनारे भैंस चराने के लिए गए 12 साल के बालक को मगरमच्छ ने मार डाला। भैंस को नदी में पानी पिलाते समय मगरमच्छ किनारे खड़े बच्चे को खींच ले गया। दूसरे दिन रविवार दोपहर 12 बजे घटनास्थल से आठ किलोमीटर दूर उसका क्षत विक्षत शव मिला।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव रूरा रामनगर निवासी जानकी प्रसाद ने बताया कि उसका बेटा डोरीलाल शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के बाहर एक किलोमीटर दूर खकरा नदी किनारे गया था। गांव के अन्य बच्चे भी जानवर लेकर गए थे। डोरीलाल भैंस को पानी पिलाने के लिए खकरा नदी में उतरा था। इसी बीच मगरमच्छ उसे नदी में खींच ले गया।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया। इस पर ग्रामीण जमा हुए और बच्चे की तलाश की गई। देर शाम न्यूरिया थाने में सूचना दी गई। रात होने की वजह से उस वक्त कोई कुछ नहीं कर सका। दूसरे दिन रविवार
सुबह दोबारा खकरा नदी में तलाश की गई। गांव से करीब आठ किमी दूर खकरा नदी में दोपहर 12 बजे क्षतविक्षत शव बरामद हुआ।
मृतक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह खरौंसा गांव के सरकारी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां धर्मवती का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि शव खकरा नदी से क्षतविक्षत हालत में मिला था। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।