तकिया गांव के रहने वाले 28 वर्षीय पप्पू पुत्र हरवंदन की शनिवार रात मौत हो गई। परिवार वालों ने पप्पू की मौत की वजह तीन दिन पहले दोस्त के साथ हुई मारपीट में आई चोटें बताते हुए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम तकिया निवासी पप्पू मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। तीन दिन पहले उसकी सुआबोझ गांव के रहने वाले अपने दोस्त कालीचरन से मारपीट हो गई थी। जिसमें उसको कई जगह चोटें आई। परिवार वालों ने आपसी विवाद समझ इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की और घायल का इलाज कराते रहे। शनिवार रात पप्पू की अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद परिवारीजनों ने तीन दिन पहले हुई मारपीट के दौरान आई चोटों को मौत का कारण बताया। आरोपी दोस्त कालीचरन व उसके साले तकिया गांव निवासी अरविंद के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। रविवार सुबह तहरीर मिलने पर गजरौला पुलिस ने परिवारीजनों से जानकारी जुटाई। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी तुलसा देवी ने बताया कि उसके चार बच्चे दस साल की क्रांति, आठ वर्ष का साजन, पांच का राजन और तीन वर्ष का छोटू हैं। युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
शुक्रवार शाम आरोपी कालीचरन का मोबाइल गिर गया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच मारपीट हुई थी। उसी की चोटों से मौत की बात पीड़ित परिवार कह रहा है। मृतक की पत्नी तुलसादेवी से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी कालीचरन व उसके साले अरविंद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - जयवीर सिंह, इंस्पेक्टर गजरौला