गांव चाटफिरोजपुर निवासी 25 वर्षीय हरीशंकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव अपने ही मकान में चारपाई पर मिला। छोटे बेटे के साथ पत्नी के गायब होने पर परिवरीजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। जिसमें पत्नी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शच को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांट फिरोजपुर निवासी हरिशंकर (26) पुत्र छेदालाल मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार देर शाम करीब आठ बजे मजदूर का बड़ा बेटा चरनजीत (5) मां पुष्पादेवी को तलाशता हुआ रोते हुए दादा छेदालाल के पास पहुंचा। इसके बाद वह मासूम को गोद में लेकर मकान में पहुंचे। जहां मजदूर हरिशंकर का शव चारपाई पर पड़ा था। मृतक की पत्नी पुष्पादेवी अपने छोटे बेटे ढाई वर्षीय जसवीर के साथ मौके से गायब थी। गले पर चोट के निशान प्रतीत होने पर परिवारीजनों को हत्या की आशंका जाहिर हुई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिवारीजनों से जानकारी जुटाई। पत्नी पर हत्या के आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छानबीन करने पर गुरुवार सुबह दंपति के बीच झगड़ा होने की भी पुलिस को जानकारी मिली है। जिस पर जांच की जा रही है। हालांकि अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
कई दिनों से चल रही थी दंपति के बीच कलह
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के पिता छेदालाल ने बताया कि पिछले काफी समय से दंपति के बीच विवाद चल रहे थे। आठ महीने पहले पुष्पा देवी ने पति हरिशंकर से तलाक लेने को कोर्ट में मुकदमा डाला था। जिसमेें बाद में सुलह हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद भी रिश्तों में सुधार नहीं हो सका था। पत्नी पुष्पा उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। इसी को लेकर बेटे हरिशंकर की हत्या करने की आशंका जताई।