चार साल पूर्व ब्याही एक विवाहिता की बरेली के एक अस्पताल में बुधवार को मौत हो गई। विवाहिता के ससुराली बीमारी के चलते मौत की बात कह रहे हैं, वहीं मृतका के पिता रामचरन ने अपने दामाद सहित पुत्री के सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना सुनगढ़ी के गांव भिलैया निवासी रामचरन की पुत्री कमलेश की शादी चार साल पूर्व थानाक्षेत्र के गांव चांदूपुर निवासी रामकुमार के पुत्र सूरजपाल के साथ हुई थी। ससुरालियों के मुताबिक कमलेश कुमारी की 23 अप्रैल को तबियत खराब हुई। जिस पर उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसके बाद उसका मेडिकल कॉलेज लखनऊ में इलाज कराया गया। करीब चार दिन पूर्व उसकी हालत बिगड़ने पर बरेली स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां आज शाम उसकी मौत हो गई।
उधर, विवाहिता के पिता रामचरन ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए बरेली आईजी और डीआईजी से शिकायत की, जिसके बाद विवाहिता का बरेली में ही पोस्टमार्टम कराया गया। ससुराली कमलेश का शव लेकर चांदूपुर गांव पहुंचे। उधर, एसपी के निर्देश पर सीओ राजेश्वर सिंह और एसओ दुर्वेश मिश्रा चांदूपुर पहुंचे और ससुराल वालों को अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। इस बीच समझौते के भी प्रयास हुए। विवाहिता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दहेज में दो लाख रुपये और बाइक न देने पर पति सूरजपाल, ससुर रामकुमार व सास सोमवती ने उसकी पुत्री की पिटाई करने के साथ उसकी जहर देकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीओ के निर्देश पर पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति व ससुर को हिरासत में लिया है। उधर, रामचरन ने अपनी पुत्री का अंतिम संस्कार भिलैया गांव में करने की बात कही है। एसओ दुर्वेश मिश्रा ने बताया कि विवाहिता के पिता की ओर से पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।