700 ग्राम चरस बरामद, पुलिस ने किया चालान
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उत्तराखंड की एक महिला को 700 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। महिला यहां चरस बेचने आई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।
सोमवार देर शाम जिरौनिया चौकी प्रभारी पान सिंह को सूचना मिली कि उत्तराखंड की एक महिला क्षेत्र में चरस की बिक्री करने आई है। पुलिस ने सूचना के आधार पर हरदोई ब्रांच नहर के डगा पुल पर घेराबंदी कर की तो महिला पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछने पर उसने अपना नाम उत्तराखंड के नानकमत्ता की कौशल्या देवी बताया। महिला से 700 ग्राम चरस बरामद हुई। एसओ वीके पटेल ने बताया कि महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
युवक से तीन सौ ग्राम चरस बरामद
परेवा वैश्य। सोमवार रात को चौकी प्रभारी ओमवीर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव का ही इफ्तेखार मादक पदार्थ की बिक्री करने जा रहा है। इस पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गांव से ही पकड़ लिया। आरोपी के पास से 300 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी को चालान कर दिया है।
चरस समेत युवक गिरफ्तार
बीसलपुर। कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला ग्यासपुर निवासी फुंदन खां को चीनी मिल तिराहे के पास से 360 ग्राम चरस समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस उपनिरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि आरोपी का एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया है।
दो सौ ग्राम चरस सहित एक गिरफ्तार
पूरनपुर। नगर चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह ने बताया कि सूचना पर मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी सिंकदर को मोहल्ला खानकाह में एक पूर्व विधायक के घर के समीप से दो सौ ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मंगलवार को उसका कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।