घर से सामान लेने गई एक किशोरी को मोहल्ले का ही एक युवक सिपाही के भाई की मदद से अगवा कर ले गया। तीन दिन से किशोरी के परिवार वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शहर कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।
शहर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 17 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे उसकी बहन मोहल्ले में ही दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी बीच मोहल्ले का एक युवक उसकी बहन को अगवा कर ले गया। आरोप है कि इस काम में उसकी पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही के भाई ने मदद की। किशोरी के भाई का कहना है कि वह तीन दिन से शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चक्कर काट रहा है, लेकिन सिपाही के भाई का नाम तहरीर में होने के कारण पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। पीड़ित रविवार को कई लोगों के साथ एसपी से मिलने भी पहुंचा लेकिन एसपी के बैठक में होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। शहर कोतवाल देवराज राठी ने बतया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। पीड़ित यदि तहरीर देगा तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
डेढ़ महीने बाद भी किशोरी बरामद नहीं
पीलीभीत। डेढ़ महीना पहले शहर कोतवाली क्षेत्र से अगवा किशोरी को बरामद करने में पुलिस रुचि नहीं ले रही है। किशोरी के पिता ने बताया कि पुलिस उन्हीं के खर्चे पर चार पहिया वाहन से एक-दो बार बदायूं गई और लौट आई। आरोप है कि विवेचक आरोपियों से मिले हैं। इसलिए पुलिस किशोरी को बरामद नहीं कर रही है। उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र देकर पुत्री को बरामद करने की गुहार लगाई है।