युवक के दूसरी शादी रचाने के अरमानों पर पहली पत्नी ने पुलिस के सहयोग से पानी फेर दिया। पुलिस को लेकर वह शादी हाल में जा धमकी, जिससे शादी की सभी तैयारियां धरी रह गईं। माजरा समझकर मेहमान भी वहां से खिसक लिए।
शहर के टनकपुर रोड पर स्थित एक मार्केट के निकट रहने वाले एक युवक की करीब डेढ़ साल पूर्व शहर के ही दूसरे मोहल्ले की एक युवती से शादी हुई थी। अनबन होने पर पत्नी पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। पत्नी के मायके जाने के बाद युवक ने दूसरी शादी की तैयारी शुरू कर दी। गांव से आकर शहर में बस गए एक परिवार की लड़की से रिश्ता तय हो गया। कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार रात शहर के एक मैरिज हाल में युवक बारात लेकर पहुंचा। लड़की वालों ने भी बारात का जोरदार स्वागत किया। मेहमान भी खाने-पीने में मस्त थे। द्वारचार की रस्म चल रही थी। युवक की दूसरी शादी की भनक शहर में रह रही पहली पत्नी को लग गई। उसने सुनगढ़ी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की और शादी रुकवाने की मांग की। इस पर कस्बा इंचार्ज राकेश सिंह फोर्स लेकर मैरिज हाल पहुंचे और शादी रुकवा दी। शादी कार्यक्रम के बीच पहुंची पुलिस और इस दौरान हुई वार्तालाप को देखकर मेहमान भी चकरा गए। पूरा मामला समझ में आने पर मेहमान भी वहां से खिसक लिए। युवक को भी बिना जयमाल और फेरों के वापस होना पड़ा। बारात के लौटने की शहर में पूरे दिन काफी चर्चा रही।