बच्चे की रोट चढ़ाने के लिए खदनिया बाबा के दरबार में आ रही ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर ट्राली अचानक पलट गई। इसमें दो दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे के चलते क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के गांव रंपुरा निवासी रविंद्र कुमार बुधवार सुबह अपने बच्चे का रोट चढ़ाने के लिए बिलसंडा के खदनिया बाबा के दरबार आ रहे थे। ट्रैक्टर ट्राली में इनके परिवारीजनों के अलावा गांव के लोग भी साथ आए। तेज रफ्तार होने के कारण रास्ते में बबूरा और मोहनपुर गांव के पहुंचते ही ट्रैक्टर दाहिनी ओर का अगला पहिया निकल गया। पहिया निकलते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और कुछ दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। खून से लथपथ हालत में घायलों की चीखपुकार सुनकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना बबूरा गांव के प्रधान पति संजीव कुशवाहा ने पुलिस को दी, जिस पर कुछ ही देर में सीओ बीपी सिंह, एसओ जितेंद्र यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव के लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद उनको सीएचसी इलाज के लिए भर्ती कराया। हादसे में ओमवती पत्नी विद्याप्रकाश, रामकली पत्नी मैकू, सावित्री पत्नी जयराम, अनिकेत पुत्र विद्या प्रकाश निवासी टिकरी, मुन्नी देवी पत्नी राजेश, श्याम कली पत्नी माखन लाल , नन्हीं देवी पत्नी बड़े, उर्मिला देवी पत्नी रामरतन, ब्यूटी पत्नी देवेश, संतोषा देवी पत्नी राम किशन, माया देवी पत्नी जोगराज , सुशीला देवी पत्नी रविन्द्र, मोहिनी देवी पत्नी देवेश, सोन कली पत्नी सोबरन, चौवे देवी पत्नी रामौतार, केतुकी पत्नी राम चन्द्र, सुन्दरी देवी पुत्री देवेन्द्र कुमार, कमलेश पुत्र राम गोपाल, वसंतलाल पुत्र छोटेलाल, रवि पुत्र मुन्ना, अंकित पुत्र छोटे लाल, रजनीश पुत्र रत्नेश निबासी रम्पुरा, संतोष पत्नी विवेक निवासी कांट जलालाबाद और कटैया निवासी उमादेवी समेत चौबीस लोग घायल हो गए। जिनका इलाज सीएचसी में कराया जा रहा है।