पूरनपुर देहात के मोहल्ला रजागंज निवासी वली मोहम्मद का शव चौथे दिन घर पहुंचने पर उसके परिवार में कोहराम मच गया। वली मोहम्मद 13 अप्रैल को नगर के दो युवकों के साथ मजदूरी करने चेन्नई को गया था। सिकंद्राबाद में उसकी संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। जीआरपी को उसका शव रेलवे लाइन किनारे मिला था।
रजागंज देहात निवासी वली हसन ने बताया कि उसका छोटा भाई वली मोहम्मद नगर के दो युवकों के साथ 13 अप्रैल को मजदूरी करने चेन्नई को रवाना हुआ था। शनिवार को मोहल्ला के शराफत हलवाई के मोबाइल पर किसी ने फोन कर वली मोहम्मद के सिकंद्राबाद में ट्रेन से गिरकर मरने की सूचना दी। वली मोहम्मद अपने पुत्र आशिफ और अन्य परिवार वालों के साथ वहां रवाना हुआ था। उन्होंने बताया कि वहां वली मोहम्मद के ट्रेन से गिरकर मौत होने की जानकारी जीआरपी ने उन्हें दी और शव का पोस्टमार्टम कराकर वह उन्हें सौंप दिया। मंगलवार की शाम को वली मोहम्मद का शव घर पहुंचने पर उसके परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। मंगलवार की देरशाम गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
चोरों ने बंद घर से उड़ाया हजारों का सामान
बीसलपुर। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में हुकुम सिंह के बंद घर से चोर हजारों रुपये कीमत का सामान चुरा ले गए।
चुटकुना के प्रधान हुकुम सिंह ने बताया कि उनका एक मकान नगर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में भी है। चोरों ने मंगलवार की रात लगभग तीन बजे बंद घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया। ताला तोड़ने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग जाग गए और उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग छतों पर पहुंच गए और टार्च की रोशनी करने लगे, तभी चोर भाग गए। चोर कुकिंग गैस का एक भरा हुआ सिलेंडर और आटा चावलों से भरे हुए तीन कट्टे ले गए। मोहल्ले वालों ने टार्च की रोशनी में देख लिया कि चोर दो थे। मोहल्ले वालों से सूचना मिलने पर हुकुम सिंह रात में ही आ गए और उन्होंने कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरूद्ध तहरीर दी। नगर पुलिस चौकी प्रभारी देवेश सिंह रात में ही मौके पर पहुंचकर चोरों की तलाश की लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।