शानो शौकत के साथ हजरत शाहजी मोहम्मद शेर मियां का 113 वां उर्स-ए-पाक का रविवार को आगाज हो गया। पहले दिन राज्यमंत्री व प्रशासनिक अधिकारियों ने मजार पर चादरपोशी की। मजार शरीफ के सज्जादानशीन ने सभी लोगों की दस्तारबंदी की। इस मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ सभी लोगों ने मुल्क में अमन चैन व आपसी भाईचारे में दुआ फरमाई।
मोहल्ला मुनीर खां में होने वाले दरगाह-ए-शेरिया के ऐतिहासिक उर्स को रविवार सुबह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हाजी रियाज अहमद, डीएम मासूम अली सरवर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंच मजार शरीफ पर चादरपोशी की। इसके बाद सज्जादापशीन हजरत अलहाज मुन्ने मिया शेरी ने सभी की दस्तारबंदी की। इस दौरान सभी ने मुल्क और कौम की दुआ फरमाई। इसी के साथ उर्स में देश विदेश के जायरीनों के काफी तादाद में पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया। इस मौके पर एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा, सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, रालोद जिलाध्यक्ष हजरत आरिफ खां, तौसीफ आदि लोग मौजूद रहे।
मोहल्ला खुदागंज (छोटा) में सुन्नी आवाम कमेटी की ओर से मदरसा फैजाने रसूल पर उर्स की खुशी में मिठाई बांटी गई। इस मौके पर कई मुस्लिम संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। कमेटी के अध्यक्ष मौलाना इफ्तिखार अल्वी ने शाहजी मियां की जिंदगी पर रोशनी डालते हुए कहा कि शाहजी मियां की बारगाह में हर मन्नत पूरी होती है। रजा एक्शन कमेटी प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना सैफ रजा कादरी ने शाहजी मियां की करामतों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी इस्लाम और मां की खिद्मत में गुजार दी। खुर्शीद अंसारी ने आने वाले मेहमानों का इस्तकबाल किया। इस मौके पर हाफिज मुबारक हुसैन, खुर्शीद अंसारी, हाजी मो. शफीक आदि मौजूद रहे।