आरोपी ने पुलिसकर्मी से रिवाल्वर छीनने की कोशिश कर फाड़े अभिलेख
जानकारी मिलने पर फोर्स संग पहुंचे कोतवाल, आरोपी को दबोचा
मारपीट की सूचना पर नगरा अब्दुल्ला गांव पहुंची यूपी 100 पुलिस से आरोपी भिड़ गया। धक्का मुक्की कर गाली गलौच शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों की रिवाल्वर छीनने की कोशिश करने के साथ ही कागजात छीनकर फाड़ दिया। वायरलेस पर हंगामे की जानकारी मिलने पर कोतवाल मय फोर्स गांव पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
बरखेड़ा क्षेत्र के नगरा अब्दुल्ला गांव के रहने वाले विजय कुमार ने शुक्रवार रात पुलिस को सूचना दी कि गांव का मुकेश कुमार पुत्र तौलेराम नशे की हालत में उससे मारपीट कर रहा है। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में यूपी 100 पुलिस के पुलिसकर्मी एसआई हरिओम, चालक होमगार्ड शाहिद अली मौके पर पहुंच गए। पुलिस कुछ समझ पाती इससे पहले ही आरोपी मुकेश ने पुलिस से भिड़ना शुरू कर दिया। होमगार्ड शाहिद अली से गाली गलौच की गई। इसका विरोध करने पर साथ आए दरोगा हरिओम से धक्का मुक्की करने लगा। रिवाल्वर छीनने की भी कोशिश की गई। इसके बाद डायल 100 से जुड़े कागजात भी गाड़ी से निकालकर फाड़ दिए। वायरलेस कर पुलिसकर्मियों ने जानकारी थाना पुलिस को दी। इसके बाद एसएचओ राजेश मौर्य पुलिस बल के साथ पहुंच गए। यूपी 100 की अतिरिक्त गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद आरोपी खुद को घिरता देख भागने लगा, लेकिन पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। उसको पकड़कर थाने लाया गया। जहां सख्ती से पूछताछ की गई। एसएचओ राजेश मौर्य ने बताया कि पुलिस टीम से अभद्रता करने पर आरोपी मुकेश को सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट क रने की धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया है।