बार्डर से सटे रमनगरा चौकी क्षेत्र के एक गांव में दो किशोरियों से छेड़छाड़ करने पर उत्तराखंड के दो युवकों को ग्रामीणों ने धर दबोचा। उनको बंधक बनाकर जमकर पिटाई लगाई। बाद में दूसरे पक्ष से लोगों के आने पर पंचायत बैठाई गई और इसमें मामले को निपटाकर रफादफा कर दिया गया। मामला पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
चौकी क्षेत्र के एक गांव में उत्तराखंड बार्डर से सटे मेला घाट इलाके के दो युवक आ गए। इन्होंने किशोरियों से छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर ग्रामीण एकजुट हो गए और उन्होंने दोनों युवकों को धर दबोचा। बताते है कि उनको कमरे में ले जाने के बाद बंधक बना कर ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की। इसकी सूचना मेलाघाट दी गई। इसके बाद वहां से कुछ लोग बातचीत करने गांव आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पंचायत बैठाई गई। पंचायत के दौरान आरोपियों के माफी मांगने पर मामला पुलिस को सूचना दिए बगैर निपटा दिया गया। रमनगरा चौकी प्रभारी पृथ्वीराज चौहान ने बताया कि गांव से सूचना मिलने पर वह मौके पर गए थे, लेकिन उनको कोई नहीं मिला। उससे पहले ही पंचायत कर मामला निपटाया जा चुका था। कानूनी कार्रवाई के लिए कोई शिकायत नहीं मिली है।