मजदूर ने बरेली, तो महिला ने शहर के निजी अस्पताल में तोड़ा दम
टनकपुर और शाहजहांपुर हाइवे पर हुए हादसों में हुए थे घायल
अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे में घायल महिला समेत दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन से मेमो के जरिए जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानूनी कार्रवाई के लिए परिवारवालों से तहरीर मांगी गई है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के मधुडांडी गांव की निवासी 65 वर्षीय गुलाब देवी पत्नी मोती सिंह को तीन दिन पूर्व जंगरौली पुल के पास बाइक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद से उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा था। शुक्रवार देर रात महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मेमो के जरिए जानकारी मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। परिवारवालों जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इधर, रेलवे में कराए जा रहे निर्माण में ठेकेदार के अंडर में काम कर रहे मजदूर फर्रूखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर बदहार निवासी राहुल राजपूत टनकपुर हाइवे पर गौहनिया-छतरी चौराहा के बीच ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर घायल हो गए थे। हालत गंभीर होने पर घायल को बरेली रेफर कर दिया गया। शुक्रवार देर रात बरेली में इलाज के दौरान मजदूर ने दम तोड़ दिया। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह ने बताया कि मजदूर के शव का पोस्टमार्टम बरेली पुलिस करा रही है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।