गश्त के दौरान पुलिस ने सितारगंज हाइवे से मादक पदार्थ की बिक्री करने जा रहे दो बोलेरो सवार तस्करों को धर दबोचा। इनके पास से भारी मात्रा में डोडा पाउडर और स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
रविवार रात एसओ चंद्रप्रकाश, एसआई अजय सिंह, सिपाही जितेंद्र यादव, विनोद कुमार, मनदीप सिंह क्षेत्र में गश्त पर निकले हुए थे। सितारगंज हाइवे पर सिरसा मोड़ के पास पहुंचते ही पुलिस को तेज गति से जा रही बिना नंबर की बोलेरो कार दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने कार का पीछा किया और थोड़ी दूरी से उसको रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से 105 ग्राम स्मैक, छह किलो डोडा पाउडर, तराजू -बाट बरामद हुए। दो युवक भी मौके से पकड़े गए। जिन्होंने अपना नाम खेड़ा गांव निवासी कामिल पुत्र मेहंदी हसन और इकबाल पुत्र विलाल अहमद बताया। दोनों को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। जिसमें आरोपियों ने लंबे समय से मादक पदार्थों की बिक्री करने की बात कबूल की। एसओ चंद्र प्रकाश ने बताया कि आरोपी इकबाल की पिछले काफी समय से तलाश की जा रही थी। दोनों आरोपी क्षेत्र के बड़े तस्कर हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर चालान किया गया है। पूछताछ में इनके कुछ अन्य साथियों के नाम प्रकाश में आए है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।