प्रतिबंधित पशुओं के मांस से भरी कार को जब जरा चौकी पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो चालक ने पुलिस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान अनियंत्रित कार पड़ोस में स्थित पुलिया से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कार चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार में लगी नंबर प्लेट भी जांच में फर्जी निकली।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार बुद्धप्रिय ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि पूरनपुर की ओर से एक कार प्रतिबंधित पशुओं का मांस लेकर पीलीभीत की ओर जा रही है। जिस पर जरा चौकी पुलिस ने वाहनों की चेकिंग शुरू की। शाम करीब चार बजे आई कार को रोकने का पुलिस ने जब प्रयास किया तो चालक ने पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की।
इसी बीच अनियंत्रित हुई कार कुछ दूर आगे स्थित पुलिया में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार से खीरी जिले के कोतवाली गोला क्षेत्र के मोहल्ला नीची भूड़ निवासी रियासत, जीसान व गांव भुड़वार निवासी मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। कार से तीन क्विंटल मांस बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि कार पर लगी नंबर प्लेट की जब जांच कराई गई तो वह फर्जी निकली।