पत्ते तोड़ने पेड़ पर चढ़े गांव पौटा कलां निवासी रहमत के पंद्रह वर्षीय पुत्र मुन्ना की बिजली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मुन्ना चार-पांच दिन पहले अपने मौसा पूरनपुर देहात के मोहल्ला साहूकारा लाइनपार में आया था। पुलिस ने मुन्ना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना धनाराघाट रोड पर सुबह करीब छह बजे हुई। पूरनपुर देहात के मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी रियाजुद्दीन ने बताया कि उसके साढ़ू पौटा कलां निवासी रहमत का 15 वर्षीय पुत्र मुन्ना कूड़े पर्व पर उसके घर मेहमानी खाने आया था। बृहस्पतिवार को मुन्ना सुबह घर से घूमने जाने की बात कहकर निकला। मोहल्ला के कुछ बच्चों के साथ खेलता हुआ धनाराघाट रोड पर पहुंच गया। सड़क किनारे खड़े पाकड़ के पेड़ से पत्ते तोड़ने को चढ़ गया। पाकड़ की टहनियों के बीच से निकल रही हाईटेंशन की लाइन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हल्का सा धुआं निकलता देख साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया और दहशत के चलते घरों को भाग गए। बच्चों का शोर-शराबा सुनकर मौके पर कई लोग एकत्र हुए। बिजली सप्लाई बंद करवाकर करीब आधे घंटे बाद मुन्ना के शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। मुन्ना को सीएचसी भी लाया गया, लेकिन इलाज से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। व्यापारी नेता हाजी लाडले, पूर्व प्रधान रिजवान खां बब्बू ने घटना स्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढाढस बधाया। रियाजुद्दीन ने बताया कि मुन्ना अपने नौ भाई बहनों में तीसरे नंबर का था।
----
बिजली विभाग की लापरवाही से गई मुन्ना की जान
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई मुन्ना की मौत बिजली विभाग की लापरवाही से हुई। विभागीय अफसर 17 मार्च को हुई घटना को अगर गंभीरता से लेकर हाईटेंशन लाइन को छू रही वृक्षों की डालियों को छटवा देते तब मुन्ना को मौत से बचाया जा सकता था।
पीलीभीत रोड पर एलआईसी कार्यालय के समीप 17 मार्च को गांव संडई निवासी अजय उर्फ छंगा की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर उस समय मौत हो गई थी, जब वह पाकड़ के पेड़ पर चढ़ा था। घंटों बाद अजय का शव पेड़ से उतारा जा सका था। घटना स्थल पर मौजूद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश था।