गांव पिपरिया जयभद्र मेें जबरिया मजदूरी कराने के विवाद पर रामकुमार और मनोज पांडेय पक्ष में मारपीट हुई। रामकुमार का आरोप है कि जबरिया मजदूरी के विरोध पर उसे रास्ते ंमें घेरकर बंदूक की बटों आदि से पीटा गया। पुलिस ने क्रास रिपोर्ट दर्ज की है। मोहल्ला रजागंज में ग्राहक बुलाने के विवाद पर दुकानदारों में मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्ष के चार लोग घायल हुए। मारपीट की अन्य घटनाओं में सात लोग घायल हुए।
इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि गांव मोहम्मदपुर के कुछ लोग बगैर लाइसेंस के ब्याज पर लोगों को रुपये देते है। उधारी न चुकाने पर पीड़ितों से जबरिया मजदूरी कराई जाती है। गांव पिपरिया जयभद्र निवासी रामकुमार को ब्याज पर दिए गए रुपये वापस न करने पर जबरिया मजदूरी कराने का दबाव बनाया गया। विरोध पर उसे रास्ते में घेरकर पीटा गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित ने बंदूक की वटों आदि से पिटाई की जानकारी दी गई है।
रामकुमार की ओर से गांव मोहम्मदपुर निवासी शैलेष पांडेय, मनोज पांडेय, अनिल पांडे, पवन पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जांच में आरोप सही मिलने पर बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने की रिपोर्ट भेजी जाएगी। दूसरे पक्ष के मनोज पांडेय की ओर से रामकुमार, सुमित, मुरारी लाल, जीवन लाल के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है।
इसी गांव में रंजिशन रामबाबू की पिटाई कर दी गई। बीच-बचाव को आई उसकी मां रेशमा देवी, ताई मायावती, भाभी सुशीला को भी पीटा गया। पुलिस ने रामबाबू की ओर से गांव निवासी सियाराम पांडेय, मनोज पांडेय, अमित पांडेय, बृजेश पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मोहल्ला ढका में पुत्री की विदा करने से मना करने पर मोहल्ला निवासी कल्लू की पिटाई कर दी गई। पुलिस ने कल्लू की ओर से गांव दियूरिया निवासी भूरा, अनीस खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला रजागंज में ग्राहक बुलाने के विवाद पर मोहम्मद फईम और जाकिर पक्ष में मारपीट हुई। पुलिस ने मोहम्मद फईम की ओर से मोहल्ला के अनीस, जाकिर, रईस, नफीस और जाकिर हुसैन की ओर से फईम, फारूक, रसीद, भूरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मारपीट की अन्य एक घटना में लखीमपुर खीरी के थाना बरगदिया के गांव छतौरिया निवासी राजपाल की पत्नी पूनम देवी की पिटाई कर दी गई। पुलिस ने पूनम की ओर से माधोटांडा रेलवे क्रासिंग के समीप रहने वाले राजीव तोमर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।