पालतू कुत्ता बिगाड़ न दे खेल इसलिए उसे दे दिया नशा
दीवार फांदकर घुसे चोर, घरवालों को सुबह हुई जानकारी
दीवार फांदकर घुसे चोरों ने गृहस्वामी के पालतू कुत्ते को नशा देकर बेसुध कर दिया। इसके बाद घर से हजारों रुपये के जेवरात, 12 हजार की नकदी और मोबाइल चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर घरवालों ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
चोरी की घटना मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी पंजाबी कॉलोनी निवासी चरन सिंह के घर में सोमवार रात हुई। चरन सिंह के पुत्र भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह उनकी आंख खुली तो घर का दरवाजा खुला पड़ा था। पालतू कुत्ता बेसुध था। उन्होंने बताया कि दीवार फांदकर घुसे चोरों ने कुत्ते को नशा देकर घटना को अंजाम दिया। चोर उनके घर से दो सोने की चेन, गले का हार, तीन अंगूठी, सोने की झुमकी, कपड़े, 12 हजार की नकदी, मोबाइल और टार्च चोरी कर ले गए। इससे पहले भी दो बार चोर उनके घर में चोरी की कोशिश कर चुके हैं। उस वक्त आहट पर कुत्ते ने भौंक कर घरवालों को जगा दिया था। तहरीर मिलने पर पुलिस ने घर पहुंचकर परिवार वालों से घटना के बारे में जानकारी ली लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।