रविवार की रात चोर शहर कोतवाली और थाना सुनगढ़ी पुलिस पर भारी रहे। शहर कोतवाली के मोहल्ला एकतानगर निवासी हरजीत सिंह के घर से सेफ खोलकर उसमें रखी रिवाल्वर और सोने का एक कड़ा चोरी कर ले गए। शहर कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एकतानगर निवासी हरजीत सिंह की रेलवे स्टेशन रोड पर कपड़े की दुकान है। शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि तीन सितंबर को हरजीत सिंह नोएडा गए थे। घर पर पत्नी और बच्चे थे। रात किसी समय घर में घुसे चोर सेफ का लॉक खोलकर रिवाल्वर और एक 30 ग्राम का सोने का कड़ा चोरी कर ले गए। वापस लौटने पर जब सोमवार को उन्होंने सेफ खोली तो रिवाल्वर और सोने का कड़ा गायब था।
उन्होंने बताया कि गृहस्वामी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, लेकिन घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। कोतवाल का कहना है कि चोरों ने घर के अंदर और सेफ में रखा सामान नहीं खंगाला। सेफ की चाभी भी गृहस्वामी की पत्नी ने तकिये के नीचे रखी थी, जो सुबह वहीं मिली। ऐसा कोई रास्ता नहीं है जिससे चोर घर के अंदर घुस सकें। उधर गृहस्वामी ने घटना के बाबत कुछ बताने से इंकार कर दिया।
डॉग स्कावयड और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची
मोहल्ला एकतानगर में हरजीत सिंह के घर से रिवाल्वर और सोने का कड़ा चोरी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस के हाथपांव फूल गए। सीओ सिटी कौशलेंद्र कुमार सिंह और कोतवाल संग्राम सिंह मौके पर पहुंच गए और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। फील्ड यूनिट टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंची, लेकिन वह कमरे तक ही सीमित रही।
दुकान से हजारों की चोरी
पीलीभीत। छतरी चौराहा पुलिस चौकी के निकट चोरों ने एक आटो स्पेयर की दुकान का ताला तोड़कर हजारों का सामान चोरी कर ले गए।
मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी शोभित परिवार समेत दिल्ली में रहते हैं। उनकी टनकपुर हाइवे पर पुलिस चौकी छतरी चौराहा के निकट आटो स्पेयर की दुकान है जो काफी समय से बंद है। चोरों ने दुकान का ताला काटकर उसमें रखा हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार को जब दुकान स्वामी वापस लौटकर आए और दुकान पर गए तो देखा शटर के ताले टूटे थे। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।