गांव इलाहाबांस सिमरा निवासी सुरेश श्रीवास्तव के 18 वर्षीय बेटे सोनू का शव रविवार को गांव के बाहर शीशम के पेड़ से लटकता मिला। वह शनिवार शाम से गायब था। युवक के घर वाले उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। उधर पड़ोस के गांव में एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवती के घर वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर आनन-फानन में शव की अंत्येष्टि कर दी। युवक के घर वालों ने युवती के घर वालों पर हत्या करने की आशंका जताई है। इसके चलते मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है।
गांव इलाहाबांस सिमरा निवासी सुरेश श्रीवास्तव ने बताया कि उसका 18 वर्षीय पुत्र सोनू शनिवार की शाम करीब सात बजे घर पर खाना खाने जा रहा था। इसी बीच सोनू के मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह बात करते हुए घर से निकल गया। इसके बाद वह घर नही लौटा।
देर रात तक न आने पर घर वालों ने तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सुबह गांव के लोग जब शौच को गए तो उसका शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। उसके गले में जूट की रस्सी का फंदा कसा था। युवक के घर वाले युवती के घर वालों पर हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर सोनू के फांसी के फंदे पर लटके होने की खबर इलाके में फैलने के बाद पड़ोस के ही एक गांव की युवती की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताते हैं कि युवती ने घर में साड़ी का फंदा डालकर कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के घरवालों का कहना है कि पुत्री ने फांसी नहीं लगाई। उसकी मौत पेट में दर्द होने की वजह से हुई।
000
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। युवती की मौत होने की लिखित तहरीर पुलिस को नहीं मिलीं है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है। दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश यादव, एसओ बिलसंडा