रात भर लापता रहने के बाद किसान के 20 वर्षीय पुत्र का शव अपने ही खेत में शीशम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। राहगीरों से सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बस्बे के वार्ड नंबर तीन मोहल्ला ठाकुरद्वारा के निवासी वेदपाल यादव के तीन लड़के हैं। शुक्रवार देर शाम छोटा बेटा मुनेश कुमार उर्फ बाबा (20) बिना बताए घर से निकल गया। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह मुनेश का शव अपने ही खेत पर शीशम के पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी पर लटकता मिला। कस्बे के लोगों ने शव लटका देख सूचना परिवार वालों को दी। इस पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में बरखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को नीचे उतारा गया। पुलिस के जानकारी करने पर परिवारीजनों ने मृतक को नशे का आदि बताया। नशे की हालत में किन्हीं कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही और कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि पिता ने लिखित रूप से कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। वह पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते हैं।