परिवार वालों की गैर मौजूदगी में शहर से सटे एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी उत्तराखंड के थाना व कसबा सितारगंज निवासी सुभान शाह के साथ फरार हो गई। पिता की माने तो किशोरी घर में रखे दो लाख रुपये सहित करीब ढाई लाख रुपये के जेवर भी अपने साथ ले गई है। सुनगढ़ी पुलिस ने किशोरी के पिता की ओर से मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर से सटे गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि नौ जनवरी को उसकी 15 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। परिवार के लोग रिश्तेदारी में गए थे। दोपहर में उत्तराखंड के सितारगंज निवासी सुभान शाह अपने परिवार के शकील, मंसूर और साबरी बेगम सहित पांच लोगों के साथ चार पहिया वाहन से उनके घर आया और बेटी को बहला फुलकार भगा ले गया। बेटी अपने साथ तीन तोला सोना, दो लाख की नगदी समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान ले गई है।
उन्होंने आरोपियों पर पुत्री को वापस करने का दबाव बनाया तो आरोपी आजकल करते हुए उसे टरकाते रहे। वह जब पुत्री को लेने सितारगंज गया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि किशोरी के पिता की ओर से पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।