पंजाब एंड सिंध बैंक के लॉकर से सोना गायब होने का मामला
अब दूसरे पीड़ित से पूछताछ पूरी होने पर तय की जाएगी दिशा
पंजाब एंड सिंध बैंक के दो लॉकर से सोने के जेवरात गायब होने के मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को सीओ सिटी निर्मल बिष्ट ने विवेचक के साथ एक लॉकर धारक से पूछताछ की। करीब डेढ़ घंटे चली पूछताछ के दौरान कई पहलुओं पर जानकारी की गई। अब पुलिस दूसरे लॉकर धारक से पूछताछ करेगी।
बता दें कि गैस चौराहा स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के दो लॉकर से छह दिन के भीतर 75 तोला सोने के जेवरात गायब हो गए। इन मामलों में बैंक प्रबंधक समेत पूरे स्टाफ पर मुकदमा सुनगढ़ी थाने में दर्ज है। घटनाओं को सुलझाने के लिए सीओ सिटी ने विवेचक मनोज त्यागी के साथ लॉकर धारक डॉ. विपिन साहनी की मां सुदेश साहनी से पूछताछ की। पुलिस अफसरों ने उनसे लॉकर से जुड़े अहम सवालों पर चर्चा की। करीब डेढ घंटे की पूछताछ में पुलिस ने कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। अब पुलिस जल्द ही दूसरी लॉकर धारक व्यापारी नेता अमनदीप सिंह जौली की मां जसप्रीत कौर से पूछताछ करेगी। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस का मानना है कि खुलासे की राह मिल सकती है। सीओ सिटी ने बताया कि डॉक्टर की मां से बातचीत की गई है। दूसरी लॉकर धारक से बातचीत के बाद कार्रवाई को दिशा दी जा सकेगी। इसके अलावा बैंक अफसरों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।