मिठाई का नमूना लेने गई प्रशासन की टीम से अभद्रता करना महंगा पड़ गया। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस दौरान टीम ने दुकान से देसी घी सहित तीन नमूने भी लिए।
दीपावली पर मिलावट पर अंकुश लगाने को डीएम के निर्देश पर मिठाई के नमूने लेने को अभियान चलाया जा रहा है। एक दिन पूर्व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छतरी चौराहा स्थित नवरत्न स्वीट्स पर छापा मारा। आरोप है दुकान स्वामी रमेश गुप्ता एवं उनके पुत्रों ने टीम को नमूने नहीं लेने दिए और अभद्रता कर टीम को लौटा दिया। टीम में शामिल विजय कुमार वर्मा ने इसकी शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट से की। इस पर सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार सिंह और सीओ सिटी यशवीर सिंह खाद्य सुरक्षा टीम के साथ नवरत्न स्वीट्स की दुकान पर पहुंचे और खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान दुकान स्वामी ने पुन: विरोध किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकान स्वामी को इसे कानूनी प्रक्रिया बताकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और अभद्रता करने लगे। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर वहां मौजूद इंस्पेक्टर सुनगढ़ी बृजेश सिंह ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें शांतिभंग करने के आरोप में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के दौरान दुकान पर काफी भीड़ जमा रही। इस मामले की सोमवार को समूचे शहर में चर्चा रही।
व्यापारी पर दर्ज होगी एफआईआर
नमूना लेने का विरोध करने के साथ ही व्यापारी पर सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर अभिहीत अधिकारी विजय कुमार वर्मा ने सुनगढ़ी पुलिस को तहरीर भी दे दी है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी बृजेश सिंह ने बताया तहरीर मिली है रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
नकली देसी की आशंका में लिए नमूने
निरीक्षण के दौरान टीम को मिठाई बनने में प्रयोग हो रहे देसी घी के टिन का रेपर फटा मिला। साथ ही उस पर लगी सील भी लोकल लग रही थी। इससे घी नकली होने की संभावना पर टीम ने देशी घी का नमूना लिया। लड्डू और डोडा बर्फी के भी नमूने लिए गए।
मिठाई संग डिब्बा तोलते चार दुकानदार पकड़े
बीसलपुर। कारोबारी खाने पीने की चीजों के साथ डिब्बा और उसका ढक्कन तौलकर उसी दाम पर ग्राहकों को देते हैं जिस रेट पर मिठाई या अन्य चीज बेचते हैं। यह नियमानुसार गलत है। सोमवार को बांट माप विभाग की टीम ने निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बरखेड़ा कस्बे की दुकानें चेक कीं। इस दौरान रामगुलाम, मनोज गुप्ता, नत्थूलाल व दिनेश कुमार की दुकानों पर मिठाई व नमकीन के साथ डिब्बा तोलते पकड़ लिया गया। इस पर चारों को खिलाफ घटतौली के आरोप में चालान काटा गया।