शहर में रंग डालने को लेकर जाटो के चौराहे पर बवाल हो गया। विरोध करने पर युवाओं ने चौराहे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस से भी जमकर नोंकझोंक हुई। काफी देर बाद लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
होली के एक दिन पूर्व ही शहर में जमकर रंगबाजी हुई। मुख्य मार्गों और चौराहे पर युवा अबीर गुलाल के साथ पानी के रंगों की बौछार आने जाने वालों पर कर रहे थे। इस दौरान जाटो वाले चौराहे पर कुछ लोगों ने रंग डालने पर एतराज जताया, जिस पर माहौल गर्म हो गया।
रंग खेल रहे युवाओं का कहना था अगर रंगों से एतराज है तो घर से बाहर की क्यों निकले। इसको लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
सूचना मिलने पर पहले देवहा चौकी इंचार्ज पहुंचे। जब विवाद शांत नहीं हुआ तो कोतवाल अतुल प्रधान पहुंच गए। उन्होंने युवाओं को चेतावनी दी तो युवा नोकझोंक करने लगे। युवाओं ने पुलिस कर्मियों को खरीखोटी सुनाई और उनके सामने ही राहगीरों पर रंग डालना शुरू कर दिया।
मनबढ़ युवाओं की कारस्तानी देने पुलिस मूकदर्शक बनी खड़ी हो गई। युवक कुछ देर के लिए चौराहे को घेरकर जाम भी लगाया। काफी देर बाद मोहल्ले के कुछ लोगों ने समझा बुझाकर युवाओं को शांत कराया।
रंग डालने को लेकर विवाद होने की जानकारी पर शहर में जगह-जगह पुलिस सतर्क हो गई और दोपहर बाद तक चल रहे रंग को बंद कराया। कोतवाल ने बताया कि कुछ युवाओं ने राहगीरों पर रंग डाल दिया था। इस पर कहासुनी हो गई थी। सभी को समझाकर मामला शांत कराया दिया गया है।