गांव सुहास निवासी पप्पूलाल राठौर की 16 वर्षीय पुत्री पूजा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर कमरे में कुंडे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
घटना रविवार की शाम छह बजे की है। गांव सुहास निवासी पप्पूलाल फेरी लगाकर गांवों में चूरन आदि की बिक्री करता है। उसकी पत्नी नवाबगंज स्थित अपने मायके गई थी। घर पर पूजा अपनी नौ वर्षीय बहन के साथ थी। शाम को उसकी छोटी बहन पशुओं के लिए बरसीम लेने चली गई। इसी बीच किशोरी ने कमरे में कुंडे से लटकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छोटी बहन जब घर लौटी तो उसने आवाज लगाई। पूजा के न बोलने पर उसने जब खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो पूजा का शव लटकता दिखा। उसके शोर मचाने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगने से मौत होना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ हो सकेगी।