दियूरिया कलां के जंगल से सटे गांव खपटिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक शिक्षक को विद्यालय में छात्रा को बिजली की केबिल से पीटना खासा महंगा पड़ गया। ग्रामीणों की शिकायत पर बीईओ द्वारा की गई जांच में मामला सही निकला। जिस पर उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाही किए जाने की संस्तुति रिपोर्ट बीएसए को भेजी है।
बीईओ डीएल राना ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र से बने सहायक अध्यापक कमलेश कुमार पर ग्रामीणों ने स्कूल में शिक्षारत नौ वर्षीय छात्रा सीतादेवी को शुक्रवार को बेवजह बिजली की केबिल से पीटने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। उन्होंने यह भी बताया कि सीता के अलावा कई अन्य बच्चों के साथ भी शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला जांच में सही पाया गया। बीईओ का यह भी कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में किसी भी बच्चे के साथ मारपीट करने पर पूर्णतया प्रतिबंध है लेकिन इसके बावजूद सहायक अध्यापक ने बच्चों के साथ मारपीट की है। छात्रा सीता के पीठ में चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि उसके घरवालों ने बाल उत्पीड़न के इस मामले की रिपोर्ट तो दर्ज नहीं कराई लेकिन मामला गंभीर होने की वजह से आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाही की संस्तुति करते हुए बीएसए को रिपोर्ट भेज दी है।