आए दिन कॉलेज से घर लौटते समय हाईस्कूल की छात्रा पर फब्तियां कसना मोहल्ले के ही एक शोहदे को महंगा पड़ गया। कई बार समझाने के बाद भी न मानने पर सोमवार को छात्रा ने अपनी सहेलियों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि बाद में माफी मांगने पर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। दोपहर डेढ़ बजे छात्रा कॉलेज की छुट्टी के बाद सहेलियों संग पैदल घर जा रही थी। ब्लॉक रोड पर पहुंचते ही 19 वर्षीय शोहदा आ धमका और फिर छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा। बार-बार छेड़खानी से परेशान छात्रा के सब्र का बांध टूट गया और उसने सहेलियों की मदद से शोहदे को पकड़कर पिटाई लगानी शुरू कर दी। यह देख काफी लोग इकट्ठे हो गए, उनमें से कई ने युवक को धुना। पता चलने पर छात्रा के पिता वहां आए गए और युवक को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली ले जाने लगे। यह जानकर शोहदेे ने खुद की गलती को स्वीकारते हुए माफी मांगना शुरू कर दी। किशोरी के पैर पर अपना सिर रखकर और हाथ जोड़ कर एक बार माफ कर देने की भीख मांगी। इस पर किशोरी के पिता ने दोबारा ऐसी हरकत करने पर सख्त कार्रवाई कराने की चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया।