शहर से सटे नौगवां पकड़िया गांव में शनिवार की रात चोरों ने बंद घर के ताले तोड़कर नकदी जेवरात सहित करीब डेढ़ लाख का माल चोरी कर लिया। सुबह जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नौगवां पकड़िया निवासी तेजराम अपनी पत्नी सोनिया के साथ मजदूरी करने हरियाणा गया हुआ है। घर पर उसकी बेटियां चांदनी, काजल, नेहा और बेटा राज रहते हैं। शनिवार की शाम चांदनी अपने मामा के घर नवाबगंज गई थी जबकि बाकी बच्चे अकेले होने के कारण पड़ोसी के घर सोने चले गए। इस बीच रात को चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और कमरे के अंदर रखे संदूक से पांच हजार रुपये की नकदी, सोने की चैन, कुंडल, अंगूठी, तगड़ी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। सुबह अब बच्चे घर लौटे तो ताला टूटा होने पर चोरी की जानकारी हुई। मोहल्ले वालों की मदद से उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। आसाम चौकी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह भदौरिया सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों से घटना की जानकारी ली और घर का निरीक्षण किया। इस बीच नवाबगंज से चांदनी भी पहुंच गई। चांदनी की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।