ईदगाह रेलवे क्रासिंग के पास शव मिलने से हड़कंप
ईदगाह रेलवे क्रासिंग के पास पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस गेट पर करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी चर्चा फैलने पर काशीराम कॉलोनी के लोगों की भीड़ जमा हो गई। उनकी सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सोमवार देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। सोमवार दोपहर राहगीरों ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हास गेट पर करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के मुंह से खून निकल रहा था। चेहरे व पेट पर चोट के निशान थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर कोतवाल देशपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। यूपी 100 की दो गाड़ियां भी पहुंच गईं। काशीराम कॉलोनी और आसपास के लोगों को दिखाकर शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
मौक पर मिला पर्स
शव के पास चमड़े का पर्स पड़ा मिला है, जिसमें शाहजहांपुर के चमकानी करबला निवासी रवि पुत्र राधेश्याम नाम का एटीएम कार्ड व आधार कार्ड समेत कई कागजात मिले। पुलिस ने आधार पर लगे फोटो का शव से मिलान किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है।