साइकिल से स्कूल जा रही कक्षा दस की छात्रा को गांव के एक मनचले युवक ने रास्ते में रोक लिया। छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें करने लगा। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देकर भाग गया। छात्रा की जान को खतरा जताते हुए पिता ने शोहदे के खिलाफ रिपोर्ट कराई है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री कक्षा दस की छात्रा है। गांव का निवासी माधव शील पिछले कई दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा है। इसकी शिकायत करने पर आरोपी के घर वाले झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। बुधवार सुबह छात्रा साइकिल से स्कूल जा रही थी। आरोप है कि युवक ने उसको रास्ते में रोक लिया और छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर बाइक से भाग गया। छात्रा ने स्कूल पहुंचकर शिक्षिकाओं को पूरी घटना बताई। पूरी बात सुनने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सूचना देकर पिता को बुलाया। जिसके बाद पिता ने थाने जाकर मामले की तहरीर पुलिस को दी। एसओ दलवीर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी माधवशील के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।