गांव सरैंदापट्टी के चार घरों में घुसे चोर नगदी, जेवर समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने चारों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक ही रात हुई वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।
चोरों ने सबसे पहले गांव सरैंदापट्टी निवासी गंगा प्रकाश मौर्य के घर को निशाना बनाया। दीवार कूदकर चोर उनके घर में घुस गए। गंगाप्रसाद मौर्या के मुताबिक चोरों ने घर के अंदर रखे बक्से आदि का ताला तोड़ दिया। चोर 10 हजार रुपये, एक जोड़ी कुंडल, सोने का पैंडल, पायल समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान बटोर ले गए। इसके बाद चोर हसमतउल्ला के घर घुस गए। हसमतुल्ला ने बताया कि वह बीमार चल रहे हैं। उनकी विवाहित पुत्री शबाना उन्हें देखने के लिए आई थी। घर में घुसे चोर 20 हजार रुपये की नगदी, मांग टीका, सोने का पैडिल, पायल और उनकी पत्नी के जेवरों समेत करीब एक लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। तीसरी वारदात लियाकत अली हुई। लियाकत अली ने बताया कि उनकी विवाहित पुत्री घर पर थी। दीवार कूदकर घुसे चोर कान के बुंदे, सोने का लॉकेट, मांग टीका, अंगूठी, गले का हार, पायल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान उठा ले गए। इसके बाद चोर अनीस के घर में घुस गए और बक्से का ताला तोड़कर सामान खंगालने लगे। आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए। परिवार वालों के शोर मचाने पर चोर भाग निकले। एसओ रेहान खां ने बताया कि चारों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।