फोन पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने के ठीक साढ़े छह घंटे बाद शहर के प्रमुख दवा कारोबारी ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र नाथ मिश्रा के घर के पास किसी ने फायरिंग कर दी। जिससे परिवार के लोगों में दहशत बढ़ गई। आरोपी का दुस्साहस देखिए। शनिवार की सुबह कॉल भी की। कॉल जब रिसीव नहीं हुई तो उसने दवा कारोबारी के मोबाइल पर मैसेज भेजा और रंगदारी की रकम बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी। शहर कोतवाली पुलिस ने दूसरे दिन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शुक्रवार को मेडिकल कारोबारी ड्रगस्टि एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहल्ला केसरी सिंह निवासी राघवेंद्र नाथ मिश्रा के मोबाइल नंबर पर किसी ने शुक्रवार की शाम 05.04 बजे कॉल की थी और एक लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। शहर कोतवाली पुलिस तहरीर मिलने के बाद भी संजीदा नहीं हुई और न ही कारोबारी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर कोई कदम उठाए। नतीजतन किसी ने शुक्रवार की रात उनके घर के बाहर रात करीब 11.30 बजे फायरिंग कर दी। फायरिंग से परिवार के लोगों में जहां दहशत बढ़ गई वहीं मोहल्ले वाले दहशत में आ गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची। इधर-उधर घूमकर पुलिस वापस लौट गई। दवा कारोबारी के मुताबिक वह शनिवार की सुबह नहा रहे थे। शुक्रवार को जिस नंबर से कॉल आई थी, उसी नंबर से सुबह 8.50 बजे दोबारा कॉल आई, लेकिन वह नहा रहे थे, इसलिए कॉल रिसीव नहीं हुई। इसी के थोड़ी देर बाद उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिसमें लिखा गया है कि रात तुमने देखा होगा। अगर अब 25 लाख रुपये नहीं दोगो तो तुम्ही जानोगे क्या होगा? घबराए दवा कारोबारी कोतवाली पहुंचे और शहर कोतवाल को पूरी घटना बताई। शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर दवा कारोबारी ने सुरक्षा की मांग की है।
वर्जन
फायरिंग और रंगदारी मांगे जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। धमकी देने वाले की तलाश की जा रही है। लोकेशन मिलते ही धमकी देने वाला पुलिस पकड़ में होगा।
जवाहर, एसपी।