पूरनपुर हाइवे पर गांव कैच के पास रविवार देर शाम डीसीएम की टक्कर से थाना माधोटांडा के गांव ककरौहा रंपुरा निवासी 22 वर्षीय गिरीश चंद्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने मौके पर पंचर खड़ी डीसीएम पर पथराव कर तोड़फोड़ की। उस में लदा डीजे का सामान निकाल कर फेंक दिया और हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह भीड़ को समझाबुझाकर शांत कराया। तब कहीं जाम खुला। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार को शहर कोतवाली के मोहल्ला देशनगर निवासी सुनील कुमार की बारात पूरनपुर कोतवाली के गांव ककरौआ गई थी। सुनील का छोटा भाई मनोज अपने फुफेरे भाई गिरीश चंद के साथ बाइक से घर लौट रहा था। पूरनपुर हाइवे पर गांव कैच के निकट तकिया मोड़ पर डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची भीड़ ने डीसीएम को घेर लिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उस पर लदा डीजे फेंक कर हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर गजरौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से भीड़ को समझा बुझाकर शांत कराया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद बवाल समाप्त होने पर रात करीब एक बजे पुलिस जाम खुलवा सकी। तब जाकर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। उधर, घायल मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे बरेली रेफर कर दिया। एसओ विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मृतक के पिता कल्यान सिंह निवासी ककरौआ रंपुरा की ओर से अज्ञात चालक के खिलाप रिपोर्ट दर्ज कर ली है।