शहर की एलएच शुगर फैक्ट्री में बन रहे गोदाम में मजदूरी करने मध्य प्रदेश से आए मजदूर का डेढ़ वर्षीय बेटा रचित ट्रक की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में लेकर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
चीनी मिल में गोदाम का निर्माण चल रहा है। इसमें मजदूरी करने मध्य प्रदेश के छत्तरपुर से कई मजदूरों के साथ हनुमंत भी पत्नी बच्चों के साथ आया हुआ था। बृहस्पतिवार को सुबह मजदूर काम कर रहे थे। इस बीच एक ट्रक गोदाम पर पहुंचा। इस दौरान हनुमंत और उसकी पत्नी तुलसा देवी मजदूरी कर रहे थे जबकि उसके बच्चे कुछ दूरी पर खेल रहे थे। ट्रक के चालक ने गाड़ी को बैक करना शुरू किया। इस बीच हनुमंत का डेढ़ वर्षीय बच्चा रचित उसके पीछे आ गया। मजदूरों ने शोर भी मचाया लेकिन ट्रक चालक का ध्यान इस पर नहीं गया और मजदूरों के देखते-देखते रचित ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। ट्रक के रुकने पर मजदूर बच्चे को उठाने दौड़े लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत से मिल में हड़कंप मच गया। मजदूरों ने काम बंद कर दिया। इस बीच सूचना मिलने पर सीओ सिटी धर्मसिंह मार्छाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया। साथ ही चालक को हिरासत में लेकर मजदूर हनुमंत की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।