पति के साथ सुबह टहलने निकली सराफ मुकुंदराम की पत्नी शकुंतला देवी की सामने से आए बाइक सवार बदमाशों ने ढाई तोला सोने की चेन लूट ली। लूटपाट कर भाग रहे बदमाशों की फुटेज एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। सराफ के पुत्र ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
घटना बृहस्पतिवार की सुबह करीब सवा छह बजे की है। मोहल्ला साहूकारा निवासी सराफ व्यापारी मुकुंदराम वर्मा अपनी पत्नी शकुंतला देवी के साथ सुबह टहलने निकले थे। टहलकर लौट रहे मुकुंदराम कुछ आगे निकल आए, जबकि उनकी पत्नी पीछे रह गईं। इस दौरान मोहल्ला में ही नगर पालिका चेयरमैन की गली में सामने से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले में पड़ी ढाई तौला सोने की चेन लूट ली।
सराफ की पत्नी शकुंतला ने बताया कि बाइक सवार बदमाश कई दिनों से उनको वाच कर रहे थे। पति के आगे निकलने पर सामने से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसके समीप जाकर बाइक रोक दी। एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरे बदमाश ने उसके पीछे से आकर सोने की चेन लूट ली। जब तक वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश बाइक पर बैठकर चेयरमैन की गली में होते हुए स्टेशन रोड की ओर भाग गए। घटना की सूचना उसके मझले पुत्र राजकुमार वर्मा ने पुलिस को दी। पुलिस कुछ देर बाद मौके पर भी पहुंची। उसके पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश
पूरनपुर। सराफ पुत्र राजकुमार वर्मा ने बताया कि भाग रहे बदमाश की वीडियो रिकार्डिंग एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को वीडियो रिकार्डिंग भी दिखाई गई।