दो प्रतिबंधित पशुओं समेत दो युवकों को शिवसैनिकों ने पकड़ लिया। एक युवक भीड़ में शिवसैनिकों को चकमा देकर भाग गया। वहीं दूसरे युवक को धरना स्थल पर ही बैठा लिया।
शहर से सटे गांव गौहनिया के पास दो युवक दो प्रतिबंधित पशुओं को ले जा रहे थे। शक होने पर शिवसैनिकों ने दोनों युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। युवकों ने पहले पशुओं को अपने घर, फिर शहर निवासी अपने रिश्तेदार के यहां ले जाने की बात कही। युवकों की बात से शिवसैनिकों को शक हुआ। कार्यकर्ताओं के शक होने पर दोनों युवकों ने बताया कि उन लोगों को बिठौरा कलां से एक युवक ने 400-400 रुपये की मजदूरी पर पशुओं को शहर स्थिति एक डेरी पर ले जाने के लिए भेजा था।
इस पर शिवसैनिक पशुओं समेत दोनों को पकड़कर नेहरू पार्क स्थिति धरना स्थल पर ले जाने लगे। इसी बीच एक युवक चकमा देकर भाग गया। युवकों ने अपना पता गांव मानपुर बताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लिया है। शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। पशुओं को शहर निवासी ललित भारती के सुपुर्द किया गया है।