गांव कढेरचौरा में सर्राफ हरीगोपाल की दुकान के ताले तोड़कर चोर तिजोरी उठा ले गए। खाली तिजोरी घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में मिली। तिजोरी में रखा साढ़े पांच हजार रुपये की नगदी, दस ग्राम सोना और ढाई किलोग्राम चांदी के जेवर चोरी हुई है। सर्राफ ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला चौक निवासी सर्राफ व्यापारी हरीगोपाल ने बताया कि गांव कढेरचौरा में रामखिलौना की दुकान कुछ माह पहले किराए पर लेकर व्यापार शुरू किया था। चोरों ने सोमार की रात दुकान के ताले तोड़कर तिजोरी उठा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार को सुबह घर से शौच को निकलने पर हुई।
व्यापारी ने बताया कि तिजोरी घटना से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में मिली। उन्होंने बताया कि चोर तिजोरी को तोड़कर दस ग्राम सोना और ढाई किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर जांच भी की। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।