चोरी के शक में बांधकर पीटे गए दोनों बच्चे अब घर से भाग गए हैं। बच्चों के पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। बताया कि दोनों बच्चे नशे के आदी होने की वजह से चोरी करने लगे हैं।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में चोरी के शक में दो बच्चों की लोहे के पोल से बांधकर पिटाई करने का मामला रविवार को सुर्खियों में रहा था। पुलिस ने इस मामले में एक सब्जी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। इसके बाद दोनों बच्चों को घरवालों के सुपुर्द कर दिया गया था। दूसरे दिन दोनों बच्चे घर वालों को बिना कुछ बताए घर से भाग गए। कोतवाली पहुंचे पिता ने पुलिस को बताया कि दोनों सुबह ट्रेन में सवार होकर कहीं चले गए हैं। यह भी कहा कि दोनों बच्चे नशे के आदी हैं। नशे का सामान जुटाने के लिए ही चोरी करते हैं। पिता ने ही बच्चों को सुधार गृह भेजने की मांग पुलिस से की। पुलिस का कहना है कि बच्चे दलित परिवार के नहीं हैं।
पिटाई के मामले में पिता नहीं चाहता कार्रवाई
सोशल मीडिया में बच्चों को पोल से बांधकर पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी मुनिराज ने सीओ सिटी को मामले में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने पिता से तहरीर मांगी तो उसने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। कहा, दोनों बच्चों की चोरी करने की आदत है। लिहाजा उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाए।
सब्जी व्यापारी गया जेल
बच्चों को पीटने के आरोप में गिरफ्तार मदीनाशाह निवासी सब्जी व्यापारी निहाल का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पहले भी चोरी में पकड़े गए थे दोनों
बच्चों के पिता ने बताया कि पहले भी दोनों चोरी करते पकड़े जा चुके है। नशे की लत को पूरा करने के लिए वे चोरी करते रहते हैं। कई बार समझाया, लेकिन दोनों की आदत नहीं छूटी।
एसपी के मुकदमा दर्ज करने का आदेश देने पर पिता से तहरीर मांगी गई थी लेकिन उसने बच्चों को चोर बताकर सब्जी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई से ही इंकार कर दिया। इसकी जानकारी एसपी को दे दी गई है।
- हरगोविंद सिंह, शहर कोतवाल