पुलिस लाइंस में तैनात एक सिपाही के बैंक खाते से जालसाजों ने पांच दिन के भीतर दो लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। पासबुक इंट्री कराने पहुंचने पर सिपाही को घटना का पता लगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही राजेश गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में है। तीन नवंबर से आठ नवंबर के बीच कई बार में जालसाज ने सिपाही के खाते से दो लाख 40 हजार चार सौ इक्कीस रुपये की रकम निकाल ली। पासबुक इंट्री कराने पहुंचने पर पीड़ित को खाते से मोटी रकम निकालने जाने की जानकारी हुई, तो उसके होश उड़ गए। स्टेटमेंट निकलवाने पर 27 बार में रुपये निकालने का पता लगा। घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी गई। कार्यवाहक एसओ इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक अफसरों से संपर्क कर मामले में अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर सेल टीम की भी मदद ली जा रही है, जल्द खुलासा होगा।